पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अभियान के 513वें दिन भी राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर कई स्थानों पर छापेमारी की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 66 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए।
हेरोइन, पोस्त और नशीली गोलियां बरामद
पंजाब पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 2.2 किलोग्राम हेरोइन, 11 किलोग्राम पोस्त, 505 नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से जुड़ी ₹5 लाख की नकदी बरामद की गई। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है।
नशा छोड़ने के लिए भी किया जा रहा प्रेरित
पुलिस की कार्रवाई केवल तस्करी रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान 7 लोगों को परामर्श देकर स्वेच्छा से नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पंजाब पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों के पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
