पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोपड़ में आयोजित “एक शाम भगवान शिव के नाम” कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के साथ भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव के चरणों में नतमस्तक होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरा माहौल भक्तिमय रहा। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से पंजाब की भाईचारे और सांझी संस्कृति की परंपरा को हमेशा बनाए रखने की अपील भी की।
1 अगस्त से शुरू होंगी नई तीर्थ यात्रा बसें
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए 1 अगस्त से रोपड़ से खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए नई तीर्थ यात्रा बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन बसों के शुरू होने से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगी।
जनता के पैसे से जनता के लिए सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के पैसे का उपयोग सीधे लोगों के हित में कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मुफ्त बिजली, ‘मावां-धियां सतिकार योजना’ के माध्यम से महिलाओं को सम्मान देने, तीर्थ यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने और बेहतर सरकारी स्कूलों तथा अस्पतालों के विकास पर लगातार काम कर रही है। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक जनकल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
भाईचारे और आस्था का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से आपसी भाईचारे, प्रेम और धार्मिक सौहार्द की धरती रहा है। उन्होंने सभी लोगों से इसी भावना को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन का समापन “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ किया, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ जयकारा लगाया।
