भारत समेत कई देशों में सोमवार शाम बड़ी संख्या में WhatsApp यूजर्स को एक अनोखी समस्या का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके अकाउंट अचानक ‘Under Review’ यानी समीक्षा के लिए भेज दिए गए हैं। इसके बाद वे WhatsApp के किसी भी फीचर का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। प्रभावित यूजर्स को ऐप के भीतर एक नोटिफिकेशन मिला, जिसमें बताया गया कि उनके अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है और 24 घंटे के भीतर परिणाम साझा किया जाएगा।
कंपनी ने क्या कहा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने के लिए लगातार उन अकाउंट्स पर कार्रवाई करती है, जिनका गलत तरीके से इस्तेमाल होने की आशंका होती है। उन्होंने यह भी माना कि कुछ मामलों में सिस्टम से गलती हो सकती है और ऐसी स्थिति में उसे जल्द ठीक करने की कोशिश की जाती है। हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हालिया मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी, ऑटोमेटेड सिस्टम या स्पैम रोकने की प्रक्रिया से जुड़ा था।
यूजर्स ने जताई चिंता
कई प्रभावित यूजर्स का कहना है कि उन्होंने WhatsApp की किसी भी नीति का उल्लंघन नहीं किया, फिर भी उनका अकाउंट समीक्षा के लिए भेज दिया गया। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा कर दावा किया कि बिना किसी पूर्व चेतावनी के उनका अकाउंट सीमित कर दिया गया। इस घटना के बाद कई यूजर्स ने कंपनी से स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।
WhatsApp किन बातों का पालन करने की सलाह देता है
WhatsApp अपने हेल्प सेंटर पर यूजर्स को सुरक्षित और जिम्मेदारी से प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने की सलाह देता है। कंपनी के अनुसार केवल उन्हीं लोगों से बातचीत करनी चाहिए जिन्हें आप जानते हैं। किसी को ग्रुप में जोड़ने से पहले उसकी अनुमति लेना, अनावश्यक संदेश भेजने से बचना और संदिग्ध या अपुष्ट जानकारी को बिना जांचे आगे फॉरवर्ड न करना भी जरूरी है।
इन गतिविधियों से अकाउंट पर हो सकती है कार्रवाई
कंपनी के नियमों के अनुसार लगातार अनचाहे संदेश भेजना, बड़ी संख्या में बल्क या ऑटोमेटेड मैसेज करना, बिना अनुमति लोगों को ग्रुप में जोड़ना, ब्रॉडकास्ट लिस्ट का दुरुपयोग करना या अनधिकृत तरीके से यूजर्स की जानकारी जुटाना नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है। ऐसी गतिविधियों पर WhatsApp अकाउंट को सीमित या बंद किया जा सकता है।
अगर अकाउंट ब्लॉक हो जाए तो क्या करें
यदि किसी यूजर का WhatsApp अकाउंट ब्लॉक या समीक्षा के लिए भेजा जाता है, तो ऐप में उपलब्ध “Request a Review” विकल्प के जरिए अपील की जा सकती है। कंपनी समीक्षा पूरी होने के बाद अपने निर्णय की जानकारी नोटिफिकेशन के माध्यम से देती है। यदि जांच में कोई उल्लंघन नहीं मिलता, तो अकाउंट दोबारा सक्रिय किया जा सकता है।
