पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के 198वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के साथ मिलकर राज्यभर में चिन्हित ठिकानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई का उद्देश्य गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
राज्यभर में 633 स्थानों पर हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, एक दिन में कुल 633 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 420 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 11 घोषित भगोड़ों को भी पकड़ने में सफलता मिली। इसके अलावा पुलिस ने दो हथियार भी बरामद किए हैं। सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान लगातार बढ़ रहा कार्रवाई का दायरा
‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 57,329 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल गैंगस्टरों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
लोगों से भी मांगा जा रहा सहयोग
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर, अपराधी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो उसे बिना अपनी पहचान बताए एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर साझा किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और राज्य में सुरक्षित माहौल बनाए रखने की दिशा में अभियान लगातार जारी है।
