देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली-NCR से लेकर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश जारी रह सकती है। 11 अगस्त को खासतौर पर उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 अगस्त को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने से उमस परेशान कर सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश
पंजाब और हरियाणा में 11 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार दोनों क्षेत्रों में 11 अगस्त को व्यापक बारिश हो सकती है। 12 अगस्त को राहत मिल सकती है, लेकिन 13 अगस्त को एक बार फिर भारी बारिश का दौर लौटने की संभावना जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
हिमाचल में सबसे ज्यादा चिंता
हिमाचल प्रदेश में बारिश का असर ज्यादा गंभीर नजर आ रहा है। कांगड़ा में भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन के लिए येलो अलर्ट है। IMD ने हिमाचल में 11 अगस्त को बहुत भारी और अगले कई दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड में भी पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश जारी है। देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून में नदी के पास बने दो भवन गिरने की जानकारी सामने आई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 11 अगस्त से आगे भी राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में भी बढ़ेगी बारिश
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 15 अगस्त और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 15 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नालों, नदियों और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बढ़ते जलस्तर का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मानसून की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
