पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह पर तीखा हमला बोला है। चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर हरभजन सिंह पंजाब को बदनाम करने के लिए एक वीडियो का इस्तेमाल कर रहे हैं।
राजस्थान की वीडियो को पंजाब का बताया
हरपाल चीमा के अनुसार, सोशल मीडिया पर साझा की गई वीडियो वास्तव में राजस्थान की है, लेकिन इसे पंजाब से जोड़कर पेश किया गया। उन्होंने इसे पंजाब की छवि खराब करने की कोशिश बताया। चीमा ने कहा कि इस तरह की गलत जानकारी से पंजाब के बारे में लोगों के बीच गलत संदेश जाता है।
आप ने राज्यसभा भेजा था
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजा था, ताकि वह पंजाब के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करें और उनके मुद्दे संसद में उठाएं। चीमा का आरोप है कि आप में रहते हुए भी हरभजन सिंह ने संसद में पंजाब के युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से नहीं उठाया।
भाजपा में शामिल होने के बाद निशाना
चीमा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद हरभजन सिंह अब भाजपा की नीतियों के अनुसार काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब से जुड़ी गलत जानकारी फैलाकर राज्य को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
