पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने नशे के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में नशे के खिलाफ एक बड़ी मुहिम चल रही है। उनके मुताबिक, सरकार के प्रयासों से आम लोगों, युवाओं और किसानों में भी नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है।
भाजपा के IT सेल पर लगाया आरोप
हरपाल चीमा ने आरोप लगाया कि पंजाब को बदनाम करने और नशा तस्करों को बचाने के लिए भाजपा अपने IT सेल का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों की वीडियो को पंजाब से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे राज्य की छवि खराब हो।
गुजरात को लेकर भी उठाए सवाल
चीमा ने आरोप लगाया कि गुजरात के रास्ते पूरे देश में नशे का कारोबार फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय पूरे देश में नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई जरूरी है।
‘युद्ध नशों विरुद्ध’ का किया जिक्र
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान से पंजाब में नशे के कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिली है और पंजाब की युवा पीढ़ी सरकार के साथ खड़ी है।
