मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के बच्चों के बेहतर भविष्य और समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनकल्याणकारी पहलें कर रही है। इसी दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘निक्के कदम, बड़ा विकास’ अभियान की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य जन्म से लेकर तीन वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे के शारीरिक, मानसिक और पोषण संबंधी विकास की नियमित निगरानी करना तथा समय रहते आवश्यक सहायता और उपचार उपलब्ध कराना है।
इस अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक नवजात और तीन वर्ष तक के बच्चे का डिजिटल विकास रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इसमें बच्चे की लंबाई, वजन, पोषण स्तर, टीकाकरण, मानसिक एवं शारीरिक विकास, स्वास्थ्य संबंधी प्रगति और अन्य महत्वपूर्ण संकेतकों का नियमित रिकॉर्ड रखा जाएगा। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से बच्चों के विकास की निरंतर निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य या पोषण संबंधी समस्या की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान संभव हो सकेगी।
अभियान का शुभारंभ चंडीगढ़ स्थित होटल ललित में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसके बच्चों के स्वस्थ और समुचित विकास पर निर्भर करता है। इसलिए सरकार प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि प्रत्येक बच्चे को जीवन की बेहतर शुरुआत मिल सके।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि अभियान के पहले चरण में राज्य के लगभग 1.5 लाख बच्चों को इस परियोजना से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक बच्चे की विकास संबंधी जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा नियमित रूप से डिजिटल प्रणाली में दर्ज की जाएगी। इसके लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे वैज्ञानिक तरीकों से बच्चों के विकास का आकलन कर सकें और किसी भी प्रकार की शारीरिक, मानसिक या पोषण संबंधी कमी की समय रहते पहचान कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।
इस पहल के माध्यम से सरकार माता-पिता को भी बच्चों के विकास की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। यदि किसी बच्चे में कुपोषण, विकास में देरी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या के संकेत मिलते हैं, तो उसे समय पर स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण सहायता से जोड़ा जाएगा। इससे बच्चों के स्वस्थ विकास के साथ-साथ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
पंजाब सरकार का मानना है कि जीवन के पहले तीन वर्ष बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास की सबसे महत्वपूर्ण अवधि होते हैं। ऐसे में नियमित निगरानी, संतुलित पोषण, समय पर स्वास्थ्य जांच और वैज्ञानिक मूल्यांकन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
‘निक्के कदम, बड़ा विकास’ अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक व्यापक जनकल्याणकारी पहल है। डिजिटल तकनीक और प्रशिक्षित आंगनबाड़ी नेटवर्क के माध्यम से यह योजना पंजाब में बाल विकास, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
