पंजाब में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान लगातार जारी है। अभियान के 531वें दिन पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और ड्रग मनी भी बरामद की गई।
4.9 किलो हेरोइन और 241 गोलियां बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 4.9 किलो हेरोइन, 241 नशीली गोलियां और ₹2,300 ड्रग मनी बरामद हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से आए और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
12 लोगों की काउंसलिंग
इस अभियान के दौरान पुलिस ने केवल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को इलाज के लिए प्रेरित करने पर भी ध्यान दिया। पुलिस के अनुसार, 12 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशा छोड़कर डी-एडिक्शन और पुनर्वास उपचार अपनाने के लिए समझाया गया।
तस्करी नेटवर्क पर लगातार नजर
पंजाब पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की ओर से नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस का फोकस नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन तक पहुंचने और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने पर भी है।
