वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। यात्री आजमगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है और उसे एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाना था।
कागजात और हथियार की हो रही थी जांच
जानकारी के मुताबिक, यात्री ने सुरक्षा प्रक्रिया के तहत अपने पास मौजूद पिस्टल और मैगजीन के बारे में पहले ही अधिकारियों को जानकारी दे दी थी। एयरपोर्ट पर उसके हथियार और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई।
फर्श से टकराकर लगी गोली
गोली पहले जमीन से टकराई और उसके बाद पास में मौजूद लोगों को जा लगी। हादसे में एक लड़के के हाथ और एक महिला की जांघ में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया
गोली लगने के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि हथियार और उसके कागजों की जांच के दौरान यह घटना हुई। उस समय हथियार का मालिक और एयरपोर्ट स्टाफ दोनों मौके पर मौजूद थे।
हालत सामान्य, जांच जारी
एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार, घटना में घायल महिला और पुरुष स्टाफ की हालत सामान्य बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों की ओर से हथियार, उसके दस्तावेज और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
