पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 206वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में एक साथ छापेमारी की। पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप किए गए संदिग्ध ठिकानों को कार्रवाई का केंद्र बनाया।
613 ठिकानों पर हुई छापेमारी
अभियान के तहत पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में कुल 613 स्थानों पर रेड की गई। इस दौरान पुलिस ने 368 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 6 ऐसे आरोपी भी पकड़े गए, जिन्हें अदालत या कानून की प्रक्रिया के तहत घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) बताया गया है।
4 हथियार भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने 4 हथियार बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है।
60 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 60,722 तक पहुंच गया है। पुलिस राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों और आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है।
