पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों में पंजाब में 3 सफल लिवर ट्रांसप्लांट किए गए हैं। खास बात यह है कि इनका इलाज सामान्य खर्च की तुलना में करीब एक-तिहाई से एक-चौथाई लागत में किया गया।
जल्द शुरू होंगी किडनी ट्रांसप्लांट सेवाएं
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक पंजाब में अब किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की दिशा में भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द किडनी ट्रांसप्लांट सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है।
अंगदान को लेकर लोगों से अपील
राज्य स्तरीय एनजीओ कॉन्फ्रेंस ऑफ पंजाब को संबोधित करते हुए मंत्री ने लोगों से अंगदान को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हैं, उसी तरह अंगदान को भी अपनाने की जरूरत है। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर ट्रांसप्लांट की सुविधा मिल सकती है।
पंजाब में 201 रजिस्टर्ड ब्लड बैंक
डॉ. बलबीर सिंह ने अपने डॉक्टर जीवन के शुरुआती दिनों का एक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान उन्होंने हेपेटाइटिस की टेस्टिंग शुरू करवाने की पहल की थी। मंत्री के अनुसार वर्तमान में पंजाब में 201 रजिस्टर्ड ब्लड बैंक और 69 एनजीओ काम कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में सामाजिक संगठनों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
