24 अगस्त, सोमवार को सिनेमाघरों में चल रही फिल्मों के लिए बॉक्स ऑफिस का दिन मिला-जुला रहा। आमतौर पर वीकडेज में फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन रवि तेजा की नई फिल्म ‘इरुमुडी’ ने इस ट्रेंड को काफी हद तक बदल दिया। फिल्म ने सोमवार को डबल डिजिट में कमाई करते हुए ‘आवारापन 2’ जैसी चर्चित फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया। दूसरी तरफ कुछ फिल्मों की कमाई लाखों तक सिमट गई।
‘इरुमुडी’ ने सोमवार को मारी बाजी
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को शानदार प्रदर्शन किया। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में करीब 11.90 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ ही चार दिनों में फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन लगभग 62.40 करोड़ रुपये पहुंच गया है। सोमवार को बॉलीवुड फिल्मों को पीछे छोड़कर डबल डिजिट में कमाई करना फिल्म के लिए खास उपलब्धि मानी जा रही है।
‘आवारापन 2’ की रफ्तार हुई धीमी
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने दूसरे वीकेंड पर अच्छी कमाई की थी, लेकिन सोमवार आते ही फिल्म की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई। रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने करीब 2.75 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल कमाई लगभग 139 करोड़ रुपये हो गई है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने पार किया 100 करोड़
सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ के कलेक्शन में भी दूसरे सोमवार को गिरावट दिखाई दी। फिल्म ने 11वें दिन करीब 2.05 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ इसका भारत में कुल नेट कलेक्शन लगभग 102.70 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 100 करोड़ का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि है।
‘बंटवारा 1947’ की कमाई बेहद कम
सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ के लिए सोमवार काफी मुश्किल रहा। रिलीज के 11वें दिन फिल्म की कमाई केवल 35 लाख रुपये रही। अब तक फिल्म भारत में करीब 37.15 करोड़ रुपये नेट कमा चुकी है। वीकडेज में दर्शकों की संख्या कम होने का असर इसके कलेक्शन पर साफ दिखाई दे रहा है।
‘डीसी’ और ‘स्पाइडर-मैन’ का भी गिरा कलेक्शन
लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की ‘डीसी’ ने तीसरे सोमवार को करीब 48 लाख रुपये कमाए। 19 दिनों में इसका भारत में नेट कलेक्शन लगभग 66.18 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने चौथे सोमवार को करीब 60 लाख रुपये जोड़े और भारत में 26 दिनों का कुल नेट कलेक्शन लगभग 485.65 करोड़ रुपये पहुंच गया।
