गुरुवार यानी 27 अगस्त को सिनेमाघरों में फिल्मों की कमाई का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। यश की नई फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के दूसरे दिन भी मजबूत पकड़ बनाए रखी, जबकि पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रही ‘आवारापन 2’ की कमाई अचानक काफी नीचे आ गई। दूसरी तरफ रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ और सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने भी करोड़ों रुपये बटोरे, लेकिन दोनों फिल्मों की रफ्तार में गिरावट देखने को मिली। ये आंकड़े शुरुआती ट्रेंड पर आधारित हैं।
दूसरे दिन भी ‘टॉक्सिक’ का जलवा
यश की ‘टॉक्सिक’ ने बुधवार को शानदार शुरुआत करते हुए भारत में 101.10 करोड़ रुपये नेट कमाए थे। दूसरे दिन यानी गुरुवार को फिल्म की कमाई में कमी जरूर आई, लेकिन प्रदर्शन फिर भी मजबूत रहा। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने भारत में 36.40 करोड़ रुपये नेट कमाए।
इसके साथ ही दो दिनों में भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 137.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 164.50 करोड़ रुपये और विदेशों से कमाई करीब 26.25 करोड़ रुपये रही। दो दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 190.75 करोड़ रुपये बताया गया है।
‘आवारापन 2’ की कमाई 1 करोड़ से भी नीचे
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के लिए गुरुवार का दिन काफी कमजोर रहा। फिल्म ने रिलीज के पहले सप्ताह में 113.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी और इसके बाद भी लगातार कारोबार कर रही थी। लेकिन ‘टॉक्सिक’ की एंट्री के बाद इसके कलेक्शन पर बड़ा असर पड़ा।
रिलीज के 14वें दिन फिल्म ने शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक भारत में सिर्फ 60 लाख रुपये नेट कमाए। इसके साथ ही घरेलू बाजार में इसका कुल नेट कलेक्शन 144.25 करोड़ रुपये हो गया। वर्ल्डवाइड फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई करीब 203.70 करोड़ रुपये बताई गई है।
‘इरुमुडी’ 100 करोड़ के करीब
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने सातवें दिन भारत में 6.90 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई अब 92.15 करोड़ रुपये हो गई है। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 106.95 करोड़ रुपये और विदेशों की कुल ग्रॉस कमाई 17.90 करोड़ रुपये बताई गई है।
सात दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 124.85 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की कमाई भी धीमी
सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने दूसरे गुरुवार को भारत में 1.30 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ फिल्म का 14 दिनों का घरेलू नेट कलेक्शन 109.15 करोड़ रुपये हो गया है।
भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 126.30 करोड़ रुपये है, जबकि विदेशों से 61.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार हुआ है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 187.55 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
