रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान राजधानी कीव के पास एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, बुचा जिले में हुए रूसी ड्रोन हमले के बाद हुए जोरदार विस्फोटों में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 42 लोग घायल हुए हैं और करीब 50 रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या आगे बढ़ सकती है।
चार बच्चे भी घायल
हमले में घायल लोगों में चार बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सात घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाकों के बाद आसपास के कई इलाकों में आग फैल गई, जिससे राहत और बचाव दल के सामने मुश्किलें बढ़ गईं।
381 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हमले के बाद प्रभावित क्षेत्र में बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया गया। बचाव दल मलबे को हटाने, आग बुझाने और इमारतों की जांच करने में जुटा रहा। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, 381 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिनमें 59 बच्चे भी शामिल थे। मेडिकल टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद रहीं।
वेयरहाउस में हुआ बड़ा विस्फोट
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, कीव के पास माइला गांव में एक वेयरहाउस पर हमला हुआ था। इसके बाद वहां रखे सामान में जोरदार विस्फोट हुआ और आसपास के इलाके में आग फैल गई। इस घटना से कई घरों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा।
हथियारों के भंडारण पर उठे सवाल
जेलेंस्की ने इस घटना को लेकर अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आम लोगों के घरों के पास गोला-बारूद और हथियारों को रखने के नियम नहीं हैं। उन्होंने मामले में आपराधिक जांच शुरू किए जाने की जानकारी दी है।
रूस ने हमले को लेकर क्या कहा?
रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से दावा किया गया कि हमले में माइला स्थित ऐसे वेयरहाउस को निशाना बनाया गया था, जहां लंबी दूरी के ड्रोन से जुड़े सामान रखे गए थे। इस बीच यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि हमले के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ।
लगातार तीसरे दिन हमलों का सिलसिला
कीव और उसके आसपास का इलाका पिछले कई दिनों से लगातार रूसी हवाई हमलों का सामना कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन हमलों की लगातार लहरों से घरों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा है और आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है।
