पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। AAP विधायक और ASAP चुनाव प्रभारी अमृतपाल सिंह सिद्धू ने ABVP के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अंकित विडान के नामांकन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ASAP सदस्यों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि नामांकन दस्तावेजों में कई अहम गड़बड़ियां सामने आई हैं।
पांच गड़बड़ियों का लगाया आरोप
अमृतपाल सिंह सिद्धू के मुताबिक, अंकित विडान के नामांकन से जुड़े मामलों में एक-दो नहीं, बल्कि पांच बड़ी अनियमितताएं हैं। उनका कहना है कि इन मामलों की जानकारी पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सार्वजनिक की जा चुकी है। अब उन्होंने प्रशासन की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन कथित गड़बड़ियों को समय रहते क्यों नहीं पकड़ा गया।
नकल केस और दो साल के बैन का दावा
AAP नेता ने दावा किया कि अंकित विडान को नकल के एक मामले में दो साल के लिए प्रतिबंधित किया गया था। इसके अलावा चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में उनके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज होने की बात भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई।
डिग्री और चुनाव नियमों पर सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी आरोप लगाया गया कि अंकित विडान ने साबरमती यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की है, जिसे UGC द्वारा अयोग्य करार दिए जाने का दावा किया गया। AAP की ओर से कहा गया कि लिंगदोह कमेटी के नियमों के अनुसार इन परिस्थितियों में अंकित विडान छात्र चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हैं।
