रविवार को बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच अच्छी टक्कर देखने को मिली। यश की ‘टॉक्सिक’ सबसे आगे रही, जबकि रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने भी मजबूत कमाई के साथ अपनी पकड़ बनाए रखी। वहीं इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की रफ्तार पहले के मुकाबले धीमी जरूर रही, लेकिन दोनों फिल्में अब भी बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने में कामयाब हैं।
‘टॉक्सिक’ ने रविवार को कमाए 23 करोड़
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पांचवें दिन, यानी रविवार को करीब 23 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। ABP Live की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का भारत में पांच दिनों का कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 255.95 करोड़ रुपये बताया गया है।
फिल्म को लेकर शुरुआती दिनों से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला था और पहले दिन इसने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की शानदार शुरुआत की थी।
‘इरुमुडी’ ने दूसरे रविवार भी पकड़ी रफ्तार
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में 92.15 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद आठवें दिन 10.10 करोड़ और नौवें दिन 12.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दूसरे रविवार को फिल्म ने करीब 15 करोड़ रुपये जोड़े।
इसके साथ भारत में ‘इरुमुडी’ का कुल नेट कलेक्शन 129.55 करोड़ रुपये हो गया है।
‘आवारापन 2’ की कमाई अब धीमी
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने अपने तीसरे रविवार को करीब 1.40 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का भारत में 17 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 148.10 करोड़ रुपये बताया गया है। शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन अब इसकी रफ्तार थोड़ी कम हो गई है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ 100 करोड़ क्लब के आगे
सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने भी तीसरे रविवार को करीब 2.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म की 17 दिनों की कुल नेट कमाई 116 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है। तीसरे वीकेंड में इसकी कमाई में कुछ सुधार देखने को मिला।
