पंजाब में भगवंत मान सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए।
हेरोइन से लेकर अफीम तक बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 731 ग्राम हेरोइन, 10 किलो अफीम और 268 किलो पोस्त की भूसी बरामद हुई। इसके अलावा 140 नशीली गोलियां और नशे की बिक्री से जुड़े 3,500 रुपये भी जब्त किए गए हैं। बरामदगी से साफ है कि कार्रवाई का फोकस केवल छोटे स्तर के मामलों पर नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर भी है।
546 दिनों से जारी अभियान
पुलिस की ओर से बताया गया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार 546 दिनों से जारी है। इस दौरान तस्करी और सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
नशा छोड़ने के लिए भी पहल
कार्रवाई के दौरान 6 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशामुक्ति व पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया। यानी अभियान में गिरफ्तारी के साथ-साथ नशे से बाहर निकलने का रास्ता भी दिखाने पर जोर दिया जा रहा है।
