चंडीगढ़, 13 नवंबर:
पंजाब में अवैध खनन के खिलाफ भगवंत मान सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत खनन विभाग की टीम ने लुधियाना जिले के गांव रसूलपुर में छापेमारी कर अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन और एक टिपर को पकड़ लिया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में थाना लाढोवाल में एफआईआर नंबर 200 दर्ज की गई है।
पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए विभिन्न इलाकों में गश्त, चेकिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।
सुबह गश्त के दौरान पकड़ी गई मशीन और टिपर
मंत्री के अनुसार, खनन विभाग की टीम गांव रसूलपुर में सुबह गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने मौके पर अवैध खनन गतिविधियों में इस्तेमाल की जा रही पोकलेन मशीन और टिपर को पकड़ा। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अवैध खनन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: गोयल
बरिंदर कुमार गोयल ने स्पष्ट किया कि पंजाब में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी नियमों का उल्लंघन कर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि खनन विभाग की टीमें लगातार फील्ड में निगरानी कर रही हैं। अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए छापेमारी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
