देश की राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शुक्रवार शाम 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) की शुरुआत हो गई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान पद्मश्री से सम्मानित ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल और उनकी टीम ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
इस वर्ष मेले का मुख्य विषय ‘विकास और विरासत’ है। ट्रेड फेयर में भारत के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा 11 विदेशी देश भी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में 3,500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं को लोगों के सामने रखेंगे। भारत मंडपम के कुल 17 हॉल में अलग-अलग क्षेत्रों की प्रदर्शनियां लगाई गई हैं।
चार राज्यों को पार्टनर स्टेट बनाया गया
इस साल बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल को फोकस स्टेट के रूप में शामिल किया गया है।
इन राज्यों के पवेलियन में उनकी क्षेत्रीय पहचान, स्थानीय उद्योग, हस्तशिल्प, खानपान, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके जरिए स्थानीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को बड़े बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
ट्रेड फेयर में कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, कृषि उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और नई तकनीकों से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इस बार छोटे उद्यमियों, स्टार्टअप और स्थानीय उत्पादों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) के तहत 21 राज्यों के विशिष्ट उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां और क्षेत्रीय व्यंजन भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
600 स्टार्टअप दिखाएंगे अपनी तकनीक और नए आइडिया
मेले के हॉल नंबर 14 में लगभग 600 भारतीय स्टार्टअप अपने नए प्रयोग, तकनीक और बिजनेस आइडिया पेश करेंगे। इसके अलावा विदेशी पवेलियन में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश समेत 11 देशों की भागीदारी होगी।
27 नवंबर तक चलेगा आयोजन, 19 से आम लोगों को मिलेगी एंट्री
यह ट्रेड फेयर 27 नवंबर तक चलेगा। शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक केवल कारोबारियों के लिए प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद 19 नवंबर से आम लोग भी मेले में पहुंच सकेंगे।
आगंतुक यहां खरीदारी करने के साथ 90 से ज्यादा फूड स्टॉल पर अलग-अलग राज्यों और विदेशी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए देश की विविध परंपराओं और कला को करीब से देखने का मौका भी मिलेगा।
