शिमला: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना की पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, शिमला निवासी अतुल शर्मा ने 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी थी। शिकायत में कंगना रनौत के सत्यापित एक्स (X) अकाउंट से 10 नवंबर को की गई पोस्ट का हवाला दिया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन पोस्ट में गांधी परिवार के सदस्यों की मौतों को लेकर संदेह पैदा करने वाली टिप्पणियां की गईं। साथ ही सोनिया गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई गई। शिकायतकर्ता ने इन पोस्ट को सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति के लिए खतरा बताया है।
BNS की तीन धाराओं में केस दर्ज
शिमला पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की तीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
धारा 196: विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित।
धारा 353: सार्वजनिक शांति और व्यवस्था को प्रभावित करने वाले बयानों से संबंधित।
धारा 356: मानहानि से संबंधित।
मामला शिमला के बालूगंज पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। शिमला के एसपी गौरव सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में कंगना रनौत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
