चंडीगढ़: पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 312वें दिन राज्यभर में 511 ठिकानों पर छापेमारी कर 152 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 10 हथियार बरामद किए गए, जबकि 173 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उन ठिकानों पर की गई जिन्हें गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में चिह्नित और मैप किया गया था। अभियान का उद्देश्य राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई करना है।
87 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब के सहयोग से कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, अभियान के 312 दिनों के दौरान अब तक कुल 87,161 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में 152 गिरफ्तारियों के साथ 10 हथियारों की बरामदगी भी हुई है।
गैंगस्टरों की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन जारी
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर गोपनीय रूप से गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं।
नशा तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई, 89 गिरफ्तार
दूसरी ओर, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 637वें दिन भी पंजाब पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। पुलिस टीमों ने 89 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 201 ग्राम हेरोइन, 4.6 किलोग्राम अफीम, 8 किलोग्राम भुक्की, 199 नशीली गोलियां और नशा तस्करी से अर्जित 90 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत पिछले 637 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 95,773 हो गई है।
33 लोगों को नशामुक्ति के लिए किया प्रेरित
पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशामुक्ति और पुनर्वास पर भी जोर दिया है। अभियान के तहत शनिवार को 33 लोगों को नशा छोड़ने और नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
