बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति और उत्पादन संबंधी चुनौतियों का असर अब वहां के गारमेंट उद्योग पर दिखाई देने लगा है। इस बीच भारत की टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री के लिए नए अवसर पैदा होने का दावा किया जा रहा है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, 1 नवंबर से 18 नवंबर 2026 के बीच बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,360 करोड़ रुपये के गारमेंट ऑर्डर दूसरे देशों में शिफ्ट हुए हैं। CTI का दावा है कि इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा भारत को मिला है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति, हड़ताल और फैक्ट्रियों के बंद होने से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को समय पर ऑर्डर की सप्लाई मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में कई वैश्विक ब्रांडों ने दूसरे देशों का रुख किया है। उनका कहना है कि यह भारत के लिए वैश्विक गारमेंट बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का बड़ा मौका है।
ZARA, H&M और M&S जैसे ब्रांडों के ऑर्डर भारत आने का दावा
CTI के अनुसार, ZARA, H&M, Marks & Spencer (M&S), Celio समेत कई बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों ने बांग्लादेश से ऑर्डर हटाकर भारत सहित दूसरे देशों में सोर्सिंग शुरू की है। इस बदलाव का फायदा भारत के अलावा वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया को भी मिला है। हालांकि, CTI का दावा है कि भारत इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभार्थी बनकर उभरा है।
संगठन के मुताबिक, तिरुपुर, सूरत, लुधियाना, दिल्ली-NCR, नोएडा, गुरुग्राम और बेंगलुरु के गारमेंट एक्सपोर्टरों को नए ऑर्डर मिलने से सीधा फायदा हो सकता है। हालांकि, CTI की ओर से जारी जानकारी में अलग-अलग ब्रांडों को मिले ऑर्डर का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है।
बांग्लादेश में उत्पादन प्रभावित होने से बदला सोर्सिंग का रुख
CTI का दावा है कि बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति, हड़ताल और फैक्ट्रियों के बंद होने के चलते 400 मिलियन डॉलर से अधिक का उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसके कारण कई अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को तय समय पर माल नहीं मिल पाया और उन्होंने दूसरे देशों में ऑर्डर देना शुरू कर दिया।
CTI ने बांग्लादेश में न्यूनतम मजदूरी 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका किए जाने का भी जिक्र किया है। संगठन का मानना है कि मजदूरी में बढ़ोतरी और उत्पादन संबंधी चुनौतियों के बीच भारत की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत हुई है।
डिलीवरी के मामले में भारत को मिल सकता है फायदा
CTI के मुताबिक, बांग्लादेश से गारमेंट की डिलीवरी में करीब 120 दिन लगते हैं, जबकि भारत में यह समय 60 से 90 दिन के बीच हो सकता है। संगठन का कहना है कि फैशन इंडस्ट्री में समय पर नए कलेक्शन की सप्लाई बेहद अहम होती है। ऐसे में कम डिलीवरी समय भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दिला सकता है।
CTI का मानना है कि अगर भारतीय कंपनियां गुणवत्ता, कीमत और समय पर डिलीवरी के मामले में वैश्विक ब्रांडों का भरोसा जीतने में सफल रहती हैं, तो मौजूदा ऑर्डर शिफ्टिंग लंबे समय के लिए सोर्सिंग में बदलाव का रास्ता खोल सकती है।
रोजगार और MSME सेक्टर को भी मिल सकता है फायदा
CTI के अनुसार, भारत की टेक्सटाइल और अपैरल इंडस्ट्री में 4 करोड़ से अधिक लोग सीधे तौर पर काम करते हैं, जिनमें 50 फीसदी से ज्यादा महिलाएं हैं। संगठन का दावा है कि इस क्षेत्र से अप्रत्यक्ष रूप से करीब 9 करोड़ लोग जुड़े हैं और इसमें 36 लाख से अधिक MSME इकाइयां सक्रिय हैं।
नए अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिलने से छोटे और मध्यम गारमेंट उद्योगों में उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसका फायदा केवल गारमेंट कारोबारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कपास किसानों, ट्रांसपोर्ट, पैकेजिंग, ट्रेडिंग और अन्य सहायक उद्योगों को भी मिल सकता है।
सरकार के सामने CTI ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को इस मौके का पूरा फायदा दिलाने के लिए CTI ने केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें टेक्सटाइल एक्सपोर्टरों के लिए राहत पैकेज, सस्ती बिजली, सात दिनों के भीतर GST रिफंड, ब्याज में छूट और टेक्सटाइल पार्कों में 24 घंटे बिजली-पानी की सुविधा शामिल हैं।
इसके अलावा, संगठन ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील में टेक्सटाइल सेक्टर को विशेष राहत देने, अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए सिंगल विंडो मंजूरी व्यवस्था बनाने और सिलाई, कटिंग तथा डिजाइनिंग के क्षेत्र में एक लाख नए कारीगरों को प्रशिक्षित करने की मांग की है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से 2,360 करोड़ रुपये के मौजूदा ऑर्डर को बढ़ाकर 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जा सकता है।
गोयल के मुताबिक, अगर भारत की टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री को जरूरी सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलते हैं, तो देश वैश्विक स्तर पर एक बड़े टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सकता है।
