पंजाब सरकार की ओर से पिछड़ी श्रेणियों (BC) से जुड़े परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशीर्वाद योजना से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि BC श्रेणी के करीब 76 हजार लाभार्थियों को ₹391 करोड़ की राशि वितरित की गई है।
2024 से बच्चों को स्कॉलरशिप का लाभ
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकार के प्रयासों के बाद 2024 से BC श्रेणी के बच्चों को पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप का लाभ भी मिल रहा है। इसके लिए सालाना पारिवारिक आय की सीमा ₹2.5 लाख निर्धारित की गई है।
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद करना है।
BC प्रमाणपत्र को लेकर जरूरी जानकारी
मंत्री ने बताया कि BC प्रमाणपत्र जारी करते समय परिवार की आय और संपत्ति समेत कई पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है। इसके साथ ही व्यक्ति के माता-पिता की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जाता है।
किन मामलों में नहीं मिलता BC लाभ?
डॉ. बलजीत कौर के अनुसार, संवैधानिक पदों पर कार्यरत माता-पिता के बच्चों को BC श्रेणी में शामिल नहीं किया जाता। इसी तरह क्लास-1 श्रेणी में कार्यरत माता-पिता के बच्चों को भी BC श्रेणी में नहीं गिना जाता।
मंत्री ने कहा कि नई गाइडलाइंस को लेकर लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान और प्रचार गतिविधियां भी की जाएंगी, ताकि पात्र परिवार योजनाओं और प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों को आसानी से समझ सकें।
