
अमृतसर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय जानकारी के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सोलन, हिमाचल प्रदेश से दो आरोपियों बिशंबरजीत सिंह और शरणजीत सिंह को चुंग हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए बियास थाना क्षेत्र लेकर जा रही थी। इसी दौरान बिशंबरजीत सिंह ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश में ग्लॉक पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में एक पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बिशंबरजीत सिंह भी घायल हो गया।
आरोपी अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
घायल बिशंबरजीत सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य सुराग जुटा रही है।
अमृतसर पुलिस का बड़ा एक्शन
अमृतसर पुलिस संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस का साफ संदेश: अपराध में शामिल कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता। पंजाब पुलिस हर हाल में अपराधियों को पकड़कर कठोर कार्रवाई करेगी।