पंजाब सरकार ने अपने नागरिकों को पारदर्शी और सुविधाजनक प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करने के लिए “भगवंत मान सरकार, आपके द्वार” योजना का विस्तार कर दिया है। पंजाब के प्रशासनिक सुधार मंत्री अमन अरोड़ा ने इस योजना में 363 नई सेवाएं जोड़ने की घोषणा की, जिससे अब कुल 406 सरकारी सेवाएं नागरिकों को उनके घर पर ही उपलब्ध करवाई जाएंगी।
अब घर बैठे मिलेगी ये सुविधाएं
इस योजना के तहत अब लोग आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आवेदन, पुलिस वेरिफिकेशन, बिजली-पानी कनेक्शन, किरायेदार सत्यापन जैसी सेवाएं घर बैठे ही प्राप्त कर सकेंगे। पहले इस योजना में 43 सेवाएं शामिल थीं, लेकिन अब यह 29 सरकारी विभागों तक विस्तारित हो गई है।
प्रशासनिक सुधार मंत्री अमन अरोड़ा ने मोगा जिले में सेवा सहायकों को हरी झंडी दिखाकर योजना के नए चरण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को तेजी, पारदर्शिता और प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचाना है ताकि लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से बच सकें।
लोगों को मिल रहा है भरपूर समर्थन
अमन अरोड़ा ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 92,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और इन सभी पर समय पर कार्रवाई की गई है। इससे पहले, लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब जरूरी दस्तावेज और प्रमाण पत्र सीधे उनके घर तक पहुंचाए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार बिचौलियों और भ्रष्टाचार को खत्म करके जनता तक सेवाएं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे न केवल नागरिकों का समय बचेगा, बल्कि वे सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्करों से भी बचेंगे।
डिजिटलीकरण से प्रशासनिक सुधार
बीते दो वर्षों में, पंजाब सरकार ने सरकारी प्रक्रियाओं को सरल और डिजिटल बनाने में बड़ा योगदान दिया है। अब तक 77 लाख से अधिक प्रमाण पत्र डिजिटल रूप से जारी किए जा चुके हैं। नागरिकों को अब अपने प्रमाण पत्र सीधे मोबाइल पर मिलते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बचता है।
इसके अलावा, पटवारियों, सरपंचों, नंबरदारों और नगर निगम अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रियाओं को अपनाया जा रहा है, जिससे सेवाएं और अधिक सुगम और तेज़ हो रही हैं। अब तक 9 लाख से अधिक आवेदन ऑनलाइन प्रोसेस किए जा चुके हैं।
जनता की राय से सेवाओं में सुधार
इस योजना को और बेहतर बनाने के लिए नागरिकों को फीडबैक देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 12.95 लाख से अधिक नागरिकों ने इस योजना को रेटिंग दी है, जिसमें इसे 5 में से 4.1 स्टार मिले हैं।
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह सिर्फ एक तकनीकी सुधार नहीं है, बल्कि एक जवाबदेह और जिम्मेदार शासन व्यवस्था की ओर बढ़ाया गया कदम है। उन्होंने पंजाब के नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकारी सेवाओं की पारदर्शिता और सुगमता का अनुभव करें।
“भगवंत मान सरकार, आपके द्वार” योजना पंजाब में एक क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। अब सरकारी सेवाओं को घर तक पहुंचाने का यह मॉडल नागरिकों के लिए समय, सुविधा और पारदर्शिता की गारंटी बन रहा है। सरकार की यह पहल जनता के जीवन को आसान बनाने और प्रशासनिक सुधारों को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।