
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त कार्रवाई को लेकर एक भावुक और देशभक्ति से भरा ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा: “आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। हमें अपनी भारतीय सेना और अपने बहादुर सैनिकों पर गर्व है। 140 करोड़ देशवासी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। पंजाब के लोग सैनिकों के साहस और उत्साह के लिए देश की सेना के साथ खड़े हैं। जय हिंद, जय भारत।”
यह ट्वीट उस समय आया है जब भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के 80 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। इस ऑपरेशन में तीनों सेनाओं—थल, वायु और नौसेना—ने मिलकर हिस्सा लिया।
सीएम भगवंत मान का यह बयान न सिर्फ भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में पूरे भारत की जनता और सभी राज्य सरकारें एक साथ हैं। पंजाब का इतिहास हमेशा से वीरता और बलिदान से भरा रहा है और मुख्यमंत्री का यह समर्थन संदेश सैनिकों के हौसले को और मजबूत करता है।
इस समय जब देश एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है, ऐसे में यह बयान देशवासियों के दिलों में जोश भरने वाला है। भगवंत मान का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे समर्थन दे रहे हैं।