
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और पाकिस्तान की ओर से पंजाब में किए जा रहे ड्रोन हमलों को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कई जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बठिंडा ज़िले में शाम 7 बजे के बाद सरकारी और निजी बस सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह फैसला प्रशासन की तरफ से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि ज़िले में रात 8 बजे के बाद ब्लैकआउट की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों और बस चालकों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से शाम 7 बजे के बाद सभी बस सेवाएं, चाहे वह सरकारी हों या प्राइवेट, रोक दी गई हैं। इसके अलावा अमृतसर और फरीदकोट की ओर जाने वाले रूट्स को भी बंद कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले शाम 7 बजे के बाद लगभग 10 से 15 रूट्स पर बसें चलती थीं, लेकिन अब इमरजेंसी हालात के कारण इन्हें भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे शाम 7 बजे से पहले ही अपनी मंजिल तक पहुंच जाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें।
बठिंडा प्रशासन के इस फैसले के साथ-साथ हरियाणा सरकार ने भी पंजाब की ओर जाने वाली बसों को रोकने का फैसला लिया है। इसके साथ ही सी.टी.यू. (चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग) की ओर से अमृतसर और जम्मू-कटरा की ओर जाने वाली बस सेवाओं को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है।
यह कदम पूरी तरह से आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और केवल ज़रूरी यात्रा करने की सलाह दी है। अगर किसी को आपात स्थिति में यात्रा करनी हो, तो प्रशासन से संपर्क करने को कहा गया है।