
भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद हालात तेजी से बदल गए हैं। 8-9 मई की रात पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की नाकाम कोशिश के बाद अब पंजाब और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
चंडीगढ़ में अलर्ट, लोगों को घरों में रहने की सलाह
शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन से संभावित हवाई हमले की चेतावनी के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। डीसी चंडीगढ़ ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे घरों में ही रहें और बालकनी या खुले स्थानों से दूर रहें। शहर में सायरन बजने के बाद डर का माहौल बन गया, लेकिन प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मोहाली में भी लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
तीन दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं टलीं
पंजाब सरकार ने राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को तीन दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि बढ़ते तनाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने भी 9 से 14 मई तक की CA परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
सीमावर्ती जिलों में ब्लैकआउट, लोग पलायन करने लगे
गुरुवार रात को पंजाब के फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन जिलों में ब्लैकआउट किया गया ताकि सुरक्षा के लिहाज से दुश्मन को कोई संकेत न मिले। सीमावर्ती गांवों में लोग एहतियातन सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। भारतीय सेना ने पाकिस्तान द्वारा भेजे गए ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया और एफ-16 व जेएफ-17 जैसे लड़ाकू विमानों को भी मार गिराया।
पंजाब सरकार का एक्शन प्लान – मंत्री जाएंगे ग्राउंड पर
पंजाब सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक्शन प्लान तैयार किया है। शुक्रवार को कैबिनेट बैठक के बाद 10 मंत्रियों की टीम को बॉर्डर जिलों में रवाना किया गया है। ये मंत्री इमरजेंसी सेवाओं, अस्पतालों, फायर स्टेशन और राशन की उपलब्धता की समीक्षा करेंगे।
अमृतसर: मंत्री लालचंद कटारूचक और डॉ. रवजोत सिंह
तरनतारन: मंत्री कुलदीप धालीवाल और मोहिंदर भगत
फिरोजपुर: मंत्री ललजीत भुल्लर और ईटीओ हरभजन सिंह
फाजिल्का: मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन और हरदीप मुंडियान
गुरदासपुर व अन्य जिले: मंत्री डॉ. बलजीत कौर और तरुणप्रीत सोंध
राजस्थान भी अलर्ट पर
राजस्थान सरकार ने भी सीमा की स्थिति को देखते हुए सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
सरकार का भरोसा: हर स्थिति से निपटने को तैयार
पंजाब सरकार का कहना है कि राज्य की सुरक्षा के लिए सभी एजेंसियां चौकस हैं। जनता को डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। प्रशासन लगातार सेना और केंद्र सरकार के साथ संपर्क में है।
इस समय पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में एक गंभीर लेकिन मजबूत माहौल है। जनता और सरकार दोनों मिलकर इस चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।