
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को दिल्ली की पूर्व मंत्री आतिशी, क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने लुधियाना पहुंचकर संजीव अरोड़ा के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया।
इनके साथ ‘आप’ पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा भी मौजूद थे। जनसभाओं में बोलते हुए आतिशी ने कहा कि लुधियाना पश्चिम की तरक्की के लिए अगर कोई सही विकल्प है, तो वह केवल संजीव अरोड़ा हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार आशु पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़े हुए हैं और जनता से भी कट चुके हैं।
सिसोदिया बोले – घमंड और विनम्रता के बीच है ये चुनाव
मनीष सिसोदिया ने भी तीखा हमला करते हुए कहा कि यह उपचुनाव घमंड और विनम्रता के बीच का चुनाव है। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा जनता की सेवा को समर्पित नेता हैं और पिछले तीन वर्षों में उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में जनता से जुड़कर जो काम किए हैं, वे काबिल-ए-तारीफ हैं। सिसोदिया ने भरोसा दिलाया कि अरोड़ा जनता के कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
सीएम भगवंत मान की पत्नी भी उतरीं प्रचार में
सिर्फ पार्टी नेता ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने भी संजीव अरोड़ा के समर्थन में प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को वह एक बार फिर लुधियाना पहुंचीं और कई जगहों पर रैलियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा एक दूरदर्शी नेता हैं, जिनकी पहचान ईमानदार और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के रूप में है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में अरोड़ा ने न केवल राज्यसभा सांसद के रूप में लोगों से संवाद बनाए रखा, बल्कि उनकी समस्याओं को हल करने के लिए लगातार प्रयास किए।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने खास तौर पर लुधियाना की महिलाओं के लिए शिक्षा और विकास को लेकर संजीव अरोड़ा की प्रतिबद्धता को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि अरोड़ा लुधियाना की सड़कों, मोहल्ला क्लीनिकों और स्कूलों के लिए सरकारी ग्रांट्स दिलाने में पूरी कोशिश करेंगे।
जनता से की अपील – वोट दें ईमानदार नेता को
सभी नेताओं ने जनता से अपील की कि 19 जून को होने वाले उपचुनाव में झाड़ू के निशान पर बटन दबाकर एक ईमानदार, मेहनती और विकासशील सोच वाले नेता संजीव अरोड़ा को जिताएं, ताकि लुधियाना पश्चिम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।