
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण हालातों के चलते 8 मई को पंजाब के टांडा विधानसभा क्षेत्र के गांव जलालपुर में आयोजित की जाने वाली नशा मुक्ति यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यह यात्रा पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम का एक अहम हिस्सा थी।
इस बारे में टांडा से विधायक जसवीर सिंह राजा ने जानकारी दी कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में जो यह नशा विरोधी यात्रा शुरू की जानी थी, उसे अगली सूचना तक टाल दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार की यह यात्रा 8 मई को टांडा के जलालपुर स्थित सचिन पैलेस में आयोजित की जानी थी। इसके लिए 6 मई से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटे हुए थे।
विधायक जसवीर सिंह राजा ने इस मौके पर हलका निवासियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने यात्रा की तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन का भी आभार जताया, जिनकी मेहनत से यह आयोजन पूरी तरह तैयार था, हालांकि मौजूदा हालातों के चलते यात्रा को टालना पड़ा।
विधायक ने कहा कि सरकार की नशे के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और जैसे ही हालात सामान्य होंगे, यात्रा को फिर से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार के प्रयासों में साथ दें और नशे से पंजाब को मुक्त करने के इस मिशन में योगदान दें।
यह निर्णय दिखाता है कि सरकार न सिर्फ सामाजिक मुद्दों को लेकर गंभीर है, बल्कि लोगों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।