
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में लौटने के बाद पहली बार कांग्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी दूसरे कार्यकाल की योजनाओं की झलक पेश की और अमेरिका की आर्थिक प्रगति, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि “अमेरिकी सपना अजेय है” और उनकी सरकार अमेरिका को पहले से अधिक शक्तिशाली और समृद्ध बनाएगी।
घरेलू और विदेश नीति में बड़े बदलाव
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने अर्थव्यवस्था को सुधारने, स्वास्थ्य प्रणाली में बदलाव करने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ये बदलाव न केवल अमेरिकी नागरिकों के जीवनस्तर को बेहतर बनाएंगे, बल्कि अमेरिका की वैश्विक नेतृत्व की भूमिका को भी मजबूत करेंगे।
कांग्रेस को दिया एकजुटता का संदेश
ट्रंप ने कांग्रेस से अपील की कि वे उनकी नीतियों का समर्थन करें और अमेरिका को एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा,
“अब समय आ गया है कि हम सब एकजुट होकर देश के हित में काम करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करें।”
ट्रंप के संबोधन की बड़ी घोषणाएं
ट्रंप ने कहा कि अब अमेरिका में सिर्फ दो जेंडर होंगे—पुरुष और महिला। उन्होंने पुरुषों के महिला खेलों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
उन्होंने अमेरिका में अंग्रेजी को एकमात्र आधिकारिक भाषा घोषित किया।
गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर अब गल्फ ऑफ अमेरिका रखने की घोषणा की।
ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार हर नए फैसले के साथ पुराने 100 फैसलों को रद्द करेगी ताकि अमेरिका को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 43 दिनों में वो कर दिखाया, जो पिछले प्रशासन चार साल में नहीं कर सका।
ट्रंप ने कहा, “अमेरिका वापस आ गया है”, और अब अमेरिका का गौरव, आत्मा और विश्वास फिर से लौट आया है।
उन्होंने बाइडेन सरकार की कई नीतियों को रद्द करने की बात कही, जो उनके अनुसार अमेरिका के लिए फायदेमंद नहीं थीं।
व्यापार नीतियों में बड़ा बदलाव: भारत और चीन पर टैरिफ
ट्रंप ने घोषणा की कि 2 अप्रैल से भारत और चीन के खिलाफ पारस्परिक टैरिफ (रेसिप्रोकल टैक्स) लगाया जाएगा। इससे पहले अमेरिका कनाडा और मैक्सिको पर भी ऐसा टैक्स लगा चुका है। ट्रंप ने कहा,
“जो देश अमेरिका पर अधिक टैरिफ लगाते हैं, अब हम भी उन पर उतना ही टैक्स लगाएंगे।”
डेमोक्रेट्स की प्रतिक्रिया
ट्रंप के इस भाषण के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी ने राष्ट्रपति ट्रंप को काउंटर करने के लिए सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन को नामित किया। अब देखना होगा कि ट्रंप की ये नई घोषणाएं अमेरिका की राजनीति और वैश्विक संबंधों पर क्या असर डालती हैं।