पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डेरा सच्चखंड बल्लां पहुंचकर श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र की आधारशिला रखी। इस दौरान पद्मश्री संत निरंजन दास जी की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
युवाओं को बाणी पढ़ने और डिग्री हासिल करने का अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस केंद्र के निर्माण पर करीब ₹24.55 करोड़ खर्च किए जाएंगे। यहां युवा श्री गुरु रविदास जी की पावन बाणी का अध्ययन कर सकेंगे और इससे जुड़ी शिक्षा प्राप्त कर डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा।
केंद्र को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा। इसमें प्रशासनिक ब्लॉक, लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल तथा कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था होगी। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई और रहने के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।
650वें प्रकाश पर्व के लिए ₹100 करोड़ का बजट
भगवंत मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने के लिए पंजाब सरकार पहले ही ₹100 करोड़ का बजट रख चुकी है। सरकार की ओर से इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
बाणी का संदेश पंजाब के हर कोने तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिबान, संतों और भक्तों की पवित्र बाणी का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी विरासत और महान संतों के विचारों से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
