
पंजाब सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को एक बड़ी राहत देते हुए पंजाब सिविल सेवा नियमों में अहम बदलाव किया है। इस फैसले के तहत अब कुछ खास श्रेणियों के सरकारी कर्मचारी, जो 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त हुए थे, उन्हें पुरानी पेंशन योजना (OPS) चुनने का विकल्प मिलेगा। यह बदलाव उन कर्मचारियों के लिए बहुत राहत लेकर आया है जो थोड़ी देरी से नियुक्त हुए थे और पुरानी पेंशन योजना से वंचित रह गए थे।
क्या है नया नियम?
सरकार द्वारा 22 मई 2025 को GSR 34Const/Arts/309 और 187/AMD(11)2025 के तहत अधिसूचना जारी की गई, जिसे 23 मई 2025 को पंजाब सरकार के गजट (एक्स्ट्रा) में प्रकाशित किया गया।
इस नियम के अनुसार:
-
अगर कोई कर्मचारी 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त हुआ है लेकिन उसकी भर्ती का विज्ञापन 1 जनवरी 2004 से पहले निकला था, तो उसे पुरानी पेंशन योजना का विकल्प मिलेगा।
-
वहीं, ‘हमदर्दी आधार’ पर नियुक्त वे कर्मचारी, जिनकी अप्लिकेशन 1 जनवरी 2004 से पहले प्राप्त हुई थी और जो योग्य थे, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
विकल्प चुनने की समयसीमा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों को OPS चुनने का विकल्प दिया जा रहा है, उन्हें तीन महीने के अंदर अपना विकल्प चुनना होगा।
अगर कर्मचारी तय समय सीमा के भीतर कोई विकल्प नहीं चुनते हैं, तो उन्हें स्वतः नई पेंशन योजना (NPS) में शामिल मान लिया जाएगा।
पुरानी और नई पेंशन योजना में अंतर
-
OPS (Old Pension Scheme): रिटायरमेंट के बाद सरकार पूरी पेंशन देती है। यह पेंशन जीवनभर चलती है और पूरी तरह से गारंटीशुदा होती है।
-
NPS (New Pension Scheme): इसमें कर्मचारी और सरकार दोनों योगदान करते हैं। लेकिन रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन की राशि तय नहीं होती।
किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
इस फैसले से उन कर्मचारियों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जो तकनीकी कारणों से पुरानी पेंशन योजना से बाहर हो गए थे। यूनियनों और कर्मचारियों की लंबे समय से यह मांग रही थी कि जिनकी भर्ती प्रक्रिया पहले शुरू हुई थी, उन्हें पुरानी स्कीम दी जाए – अब सरकार ने उनकी मांग मान ली है।
पंजाब सरकार का यह फैसला हजारों सरकारी कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक राहत है। यह नीति न केवल सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ाएगी।
सरकार ने जो समयसीमा तय की है, उसमें सभी पात्र कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि वे जल्द से जल्द अपना विकल्प चुन लें और इस सुनहरे मौके का लाभ उठाएं।