
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत आज तरन-तारन पुलिस ने अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) को वांछित एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी का नाम शहिनाज़ उर्फ शौन भिंडर है। इस बारे में जानकारी देते हुए डीआईजी फिरोजपुर रेंज, स्वपन शर्मा ने बताया कि आरोपी गुरदासपुर जिले के मंडियाला गांव का रहने वाला है और वर्तमान में कनाडा के ब्रैम्पटन, ओंटारियो में रह रहा था।
कैसे हुआ भिंडर गिरफ्तार?
डीआईजी शर्मा ने बताया कि इससे पहले FBI ने अमेरिका में शौन भिंडर के 6 साथियों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों के पास से 391 किलो मेथामफेटामाइन, 109 किलो कोकीन, 4 आधुनिक हथियार और कई वाहन बरामद किए गए थे। हालाँकि, शौन भिंडर FBI अधिकारियों को चकमा देकर भारत भाग आया था। खुफिया जानकारी के आधार पर तरन-तारन पुलिस ने बिना देर किए उसे लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, डीजीपी गौरव यादव के आदेश पर एसएसपी तरन-तारन अभिमन्यु राणा और डीएसपी स्पेशल क्राइम गुरिंदरपाल सिंह नागरा की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई। इसी टीम ने शौन भिंडर को लुधियाना से धर दबोचा।
FBI के जाल में फंसे ये अपराधी
FBI द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए अन्य छह अपराधियों के नाम इस प्रकार हैं:
- अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत उर्फ बल्ल
- अमृतपाल सिंह उर्फ चीमा
- तकदीर सिंह उर्फ रोमी
- सर्बजीत सिंह साबी
- फर्नांडो वेलाडेरिस उर्फ फ्रैंको
- गुरलाल सिंह
कैसे करता था ड्रग्स की तस्करी?
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि शौन भिंडर पिछले कई सालों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी के कारोबार में शामिल था। वह अलग-अलग देशों की सीमाओं से ट्रकों और ट्रेलरों के जरिए भारी मात्रा में नशे की खेप पहुंचाने का काम करता था।
सूत्रों के अनुसार, 2014 से शौन भिंडर कनाडा में ट्रांसपोर्ट का कारोबार कर रहा था। वह कोलंबिया से मैक्सिको होते हुए अमेरिका और कनाडा में ट्रकों के जरिए ड्रग्स सप्लाई करता था। पुलिस को यह भी पता चला कि उसका संबंध अमृतपाल सिंह उर्फ बाठ, गुरजंट सिंह भोलू हवेलिया, तजिंदर सिंह उर्फ तेजी काहलों और हरमन वड़ैच जैसे कुख्यात नशा तस्करों से भी था।
शौन भिंडर पहले से ही था वांछित
तरन-तारन पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि शहिनाज़ सिंह (शौन भिंडर) पहले से ही एक अन्य मामले में वांछित था। उसके खिलाफ 28 दिसंबर 2024 को थाना सदर, तरन-तारन में एफआईआर नंबर 232 दर्ज है। उसके ऊपर यू/एस 111 (3) BNS, 25 (1) (6) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस करेगी आगे की जांच
तरन-तारन पुलिस अब इस केस की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि शौन भिंडर से पूछताछ में ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पंजाब पुलिस अब FBI और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई करेगी।
नशे के खिलाफ पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई पंजाब सरकार की नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव पंजाब से नशे का जड़ से खात्मा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस गिरफ्तारी से यह साफ हो गया है कि अब बड़े से बड़े अपराधी भी कानून की गिरफ्त से बच नहीं पाएंगे।
👉 पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं!