
कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हम्पी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक विदेशी महिला समेत दो महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उनके साथ मौजूद तीन पुरुषों के साथ मारपीट कर उन्हें पानी में फेंक दिया। इनमें से एक युवक का शव शनिवार सुबह बरामद हुआ।
घटना कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात 11:00 से 11:30 बजे के बीच सनापुर झील के पास हुई। बदमाशों ने 27 वर्षीय इजरायली महिला पर्यटक और 29 वर्षीय होमस्टे संचालिका के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान ओडिशा से आया एक पर्यटक लापता हो गया था, जिसे हमलावरों ने तुंगभद्रा नहर में फेंक दिया था। उसका शव शनिवार सुबह झील में मिला। वहीं, अमेरिका और महाराष्ट्र के दो अन्य पर्यटक भी हमले में घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऐसे हुआ हमला
एफआईआर के अनुसार, चार पर्यटक और एक होमस्टे संचालिका सनापुर झील के पास घूम रहे थे। तभी तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और पेट्रोल पंप के बारे में पूछने लगे। जब होमस्टे संचालिका ने बताया कि पास में कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो वे पैसे मांगने लगे।
जब पर्यटकों ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौच करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने तीनों पुरुषों को जबरदस्ती नहर में फेंक दिया।
महिलाओं के साथ दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, जब उसके दोस्त नहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब तीन में से दो बदमाशों ने उसके और इजरायली महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने गंगावती रूरल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया। अब हत्या की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई है।
पुलिस डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की मदद से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
हम्पी जैसी ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस मामले में पूरी तरह से जुटी हुई है और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश कर रही है।