
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंगलवार, 20 मई की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। ये बारिश प्री-मानसून की पहली झलक मानी जा रही है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और गरज-चमक की घटनाएं भी दर्ज की गईं, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा।
बारिश का सबसे ज्यादा असर मुंबई के उपनगरीय इलाकों में देखने को मिला। पश्चिमी उपनगरों में जोगेश्वरी में सबसे अधिक 63 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अंधेरी (मालपा डोंगरी) में 57 मिमी और अंधेरी (ईस्ट) में 40 मिमी बारिश हुई। वहीं पूर्वी उपनगरों में पवई में 38 मिमी, भांडुप में 29 मिमी और टेंभी पाड़ा में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण ट्रैफिक पर असर, पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, रात 8 बजे से 11 बजे के बीच हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान दक्षिण मुंबई में औसतन 12.86 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 15.65 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 26.63 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश की वजह से कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की खबरें आईं। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। अंधेरी सबवे में पानी भर गया, जिससे वहां यातायात रोकना पड़ा। बाकी जगहों पर जलजमाव की स्थिति गंभीर नहीं रही।
सड़क यातायात पर असर जरूर पड़ा। लोगों को जाम का सामना करना पड़ा, लेकिन मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें ज्यादातर समय पर ही चलती रहीं। कुछ यात्रियों ने थोड़ी देरी की बात जरूर कही।
अगले कुछ दिन और तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 21 से 24 मई के बीच महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अरब सागर के पूर्व-मध्य हिस्से में कर्नाटक तट के पास एक चक्रवाती परिसंचरण प्रणाली बन रही है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
मुंबई मौसम विभाग ने एक प्रेस रिलीज में जानकारी दी है कि 22 मई के आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर उत्तर दिशा की ओर बढ़ सकता है और तेज हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिक शुभांगी भूटे के अनुसार, इस सिस्टम के असर से दक्षिण कोंकण, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र और मुंबई में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
निवासियों को अलर्ट रहने की सलाह
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर ध्यान दें और बारिश के दौरान सतर्क रहें। खासकर निम्न इलाकों में रहने वाले लोग जलजमाव से बचने के लिए सावधानी बरतें।
मुंबई की यह पहली प्री-मानसून बारिश गर्मी से राहत लेकर आई, लेकिन साथ ही सावधानी बरतने की भी जरूरत है, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है।