
भारत के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक और नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने पहली बार 90 मीटर से ज्यादा दूरी पर भाला फेंक कर एक नया मुकाम हासिल किया है। यह कारनामा उन्होंने दोहा डायमंड लीग 2025 में किया, जहां उन्होंने 90.23 मीटर दूर भाला फेंका और दुनिया के उन चुनिंदा एथलीट्स में शामिल हो गए जिन्होंने 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है।
हालांकि, इतनी शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद नीरज को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। जर्मनी के जूलियन वेबर ने आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर दूर भाला फेंक कर पहला स्थान हासिल किया।
90 मीटर के पार पहुंचने वाले पहले भारतीय
नीरज चोपड़ा अब 90 मीटर से ज्यादा भाला फेंकने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले उनका पर्सनल बेस्ट और नेशनल रिकॉर्ड 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 2022 में स्टॉकहोम में बनाया था। अब इस नए थ्रो के साथ उन्होंने खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इस उपलब्धि के साथ नीरज दुनिया के 25वें और एशिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने 90 मीटर से ज्यादा भाला फेंका है। इससे पहले पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97 मीटर) और चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग (91.36 मीटर) ने यह कारनामा किया है।
Doha Diamond League 2025 में नीरज का प्रदर्शन
नीरज ने प्रतियोगिता में कुल छह थ्रो किए:
-
पहला प्रयास – 88.44 मीटर
-
दूसरा प्रयास – फाउल
-
तीसरा प्रयास – 90.23 मीटर (सबसे बेहतरीन)
-
चौथा प्रयास – 80.56 मीटर
-
पांचवां प्रयास – फाउल
-
छठा प्रयास – 88.20 मीटर
इसी प्रतियोगिता में भारत के एक और एथलीट किशोर जेना ने भी हिस्सा लिया, लेकिन उनका थ्रो सिर्फ 78.60 मीटर रहा और वे आठवें स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर ग्रेनेडा के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स रहे जिन्होंने 84.65 मीटर का थ्रो किया।
कोच हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर
नीरज चोपड़ा ने नवंबर 2024 से जान जेलेजनी को कोच बनाया है। जेलेजनी का भालाफेंक में वर्ल्ड रिकॉर्ड 98.48 मीटर है, जो 1996 से अब तक नहीं टूटा है। नीरज फरवरी 2025 से उनके साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं और इसका असर अब साफ दिखने लगा है।
आगे के मुकाबले
नीरज अब 23 मई को पोलैंड में होने वाले ORLEN Janusz Kusociński Memorial में भाग लेंगे, जहां फिर से उनका मुकाबला जूलियन वेबर और पीटर्स से होगा। इसके बाद वे 24 जून को चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में Golden Spike 2025 प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
डायमंड लीग का फाइनल 27-28 सितंबर को स्विट्ज़रलैंड के ज्यूरिख में होगा। फाइनल में पहुंचने के लिए एथलीट पूरे सीजन में पॉइंट्स कमाते हैं। पहले स्थान के लिए 8, दूसरे के लिए 7 और तीसरे के लिए 6 अंक मिलते हैं। इस बार नीरज को 7 अंक मिले हैं।
निजी जिंदगी की बात
नीरज ने जनवरी 2025 में टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से शादी की थी। शादी के बाद उनके खेल में निरंतर सुधार और संतुलन देखा गया है।