Oplus_16908288
फरीदकोट/कोटकपूरा। कहते हैं कि किस्मत बदलने में देर नहीं लगती। पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में रहने वाली बिमला देवी के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट ने उनकी किस्मत बदल दी और परिवार को एक करोड़ रुपये का इनाम मिल गया। सिक्किम सरकार की लॉटरी में इतनी बड़ी राशि जीतने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, बिमला देवी के पति मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। बिमला देवी शाम के समय बच्चों के लिए कपड़े खरीदने रेलवे रोड की तरफ आई थीं। इसी दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टार लॉटरी स्टॉल से 7 रुपये की एक टिकट खरीद ली। उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह टिकट उनके परिवार के लिए इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगी।
अगले दिन लॉटरी का परिणाम घोषित होने के बाद स्टॉल संचालक नरेश मोंगा ने फोन करके बिमला देवी को बताया कि उनकी टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है। यह सुनते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सदस्य लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे, जहां संचालक ने उनका मुंह मीठा करवाया। इस दौरान भंगड़ा डालकर जीत का जश्न भी मनाया गया।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शुरू करना चाहती हैं कारोबार
लॉटरी जीतने के बाद बिमला देवी ने बताया कि इस राशि से उनके परिवार की आर्थिक परेशानियां काफी हद तक कम हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरी की कमाई से घर चलाना आसान नहीं था, लेकिन अब बच्चों की परवरिश और उनके बेहतर भविष्य को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।
बिमला देवी के मुताबिक, परिवार ने अभी तक इनाम की राशि खर्च करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। परिवार के सदस्यों से चर्चा करने के बाद बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई छोटा कारोबार शुरू करने की योजना बनाई जाएगी, ताकि आमदनी का स्थायी साधन तैयार हो सके और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
पहली बार स्टॉल से निकला एक करोड़ रुपये का इनाम
स्टार लॉटरी स्टॉल के संचालक नरेश मोंगा ने बताया कि वह पिछले छह महीनों से लॉटरी का काम कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी दुकान रेलवे स्टेशन के पास स्थानांतरित की थी। उनके अनुसार, इससे पहले भी स्टॉल से लाखों रुपये के कई इनाम निकल चुके हैं, लेकिन पहली बार उनकी दुकान से एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है।
नरेश मोंगा ने बिमला देवी और उनके परिवार को इस जीत के लिए बधाई दी। वहीं, महज 7 रुपये की टिकट से एक करोड़ रुपये जीतने की खबर के बाद इलाके में भी इस परिवार की चर्चा हो रही है। परिवार को स्थानीय लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं और बिमला देवी को उम्मीद है कि यह राशि उनके बच्चों के सपनों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
