गुरुग्राम में भारी बारिश से हाहाकार, सड़कें बनीं तालाब; स्कूल-दफ्तरों के लिए WFH की सलाह
गुरुग्राम में सोमवार को हुई तेज बारिश ने शहर की व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई इलाकों में हालात इतने खराब रहे कि वाहन पानी में फंस गए और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूल बसें भी पानी में फंसीं
जलभराव का असर आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों पर भी दिखाई दिया। सुभाष चौक और राजीव चौक-सोहना रोड जैसे इलाकों में पानी भरने के कारण स्कूल बसें फंस गईं। कुछ जगहों पर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
कई प्रमुख इलाकों में जलभराव
भारी बारिश के बाद राजीव चौक, IFFCO चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, मेहरौली रोड और बसई रोड समेत कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
25 अगस्त को WFH की सलाह
लगातार जलभराव और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त को कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों तथा अन्य संस्थानों को वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था अपनाने की सलाह दी। इसका उद्देश्य सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करना और नागरिक एजेंसियों को पानी निकासी, सड़क मरम्मत तथा नालों की सफाई का काम करने में सुविधा देना है।
बारिश ने खोली ड्रेनेज व्यवस्था की पोल
गुरुग्राम देश के प्रमुख कॉरपोरेट और IT केंद्रों में गिना जाता है, लेकिन भारी बारिश के बाद सड़कों पर जमा पानी ने शहर की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। गोल्फ कोर्स रोड जैसे प्रमुख इलाकों में भी घुटनों तक पानी भरने की खबर सामने आई।
आज भी बारिश का असर
25 अगस्त को भी दिल्ली-NCR में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम व सड़क की स्थिति देखकर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। दिल्ली में मौसम विभाग ने भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
