फ्रांस के कई हिस्सों में सोमवार से मौसम ने अचानक करवट ली। भूमध्यसागरीय तट से लेकर देश के अंदरूनी इलाकों तक तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1.79 लाख से ज्यादा बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।
पुमास में बवंडर ने मचाई तबाही
दक्षिणी फ्रांस के ऑड क्षेत्र के पुमास गांव में एक शक्तिशाली बवंडर ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं ने पेड़ों को उखाड़ दिया और कई घरों की छतों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, करीब 300 घर प्रभावित हुए और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
कई लोग अस्पताल पहुंचे
बवंडर की चपेट में आने के बाद कई लोगों को चोटें आईं। कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत और बचाव कार्य के लिए बड़ी संख्या में दमकलकर्मियों और आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया। बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात भी कई जगह प्रभावित हुआ।
सुपरसेल बादलों ने बढ़ाया खतरा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान बने सुपरसेल तूफानी बादल लंबे समय तक सक्रिय रह सकते हैं और इनके साथ तेज हवाएं, बिजली, भारी बारिश और ओलावृष्टि जैसी घटनाएं हो सकती हैं। फ्रांस की मौसम सेवा ने भी 24 अगस्त को चेतावनी दी थी कि देश के कई हिस्सों में तेज तूफानों के साथ 30 से 50 मिमी प्रति घंटे बारिश, ओले और 90 से 110 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।
अगले दिनों में भी तूफान का खतरा
फ्रांस की मौसम सेवा के मुताबिक, 25 अगस्त को भी देश के कुछ हिस्सों में तूफानी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और तेज तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
