जालंधर में ‘Punjab Youth Run 2026’ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग उम्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आम आदमी पार्टी पंजाब के यूथ विंग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं के साथ बच्चे और बुजुर्ग भी दौड़ते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
मोहाली के बाद जालंधर में आयोजन
पंजाब Youth Run 2026 का आयोजन इससे पहले मोहाली में किया गया था। इसके बाद अब जालंधर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के साथ जोड़ना रहा।
मनीष सिसोदिया ने बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला
कार्यक्रम में AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए। उन्होंने मैराथन में हिस्सा लेने वाले युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सराहना की और प्रतिभागियों को सम्मान चिह्न भी वितरित किए।
नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ा गया आयोजन
पार्टी की ओर से इस मैराथन को पंजाब में चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान से जोड़कर देखा गया। आयोजकों का कहना है कि नशे से दूर रखने के लिए युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के तहत दौड़, व्यायाम और स्वस्थ गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
युवाओं के साथ हर उम्र के लोगों की भागीदारी
जालंधर में हुए कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें केवल युवा ही नहीं, बल्कि अलग-अलग आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने दौड़ के जरिए फिट रहने, खेलों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
