पंजाब की भगवंत मान सरकार ने बरनाला जिले के टपा में बुजुर्गों के लिए बाबा फूल सरकारी वृद्धाश्रम शुरू किया है। करीब ₹8.21 करोड़ की लागत से तैयार इस वृद्धाश्रम में एक साथ 72 वरिष्ठ नागरिकों के रहने की व्यवस्था की गई है। सरकार के मुताबिक, यह सुविधा खास तौर पर बेसहारा और जरूरतमंद बुजुर्गों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
रहने से लेकर खाने तक की सुविधा
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को आरामदायक डॉर्मिटरी के साथ पौष्टिक भोजन और कपड़े उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को जरूरी चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी, ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए अकेले न जूझना पड़े।
लाइब्रेरी और मनोरंजन का भी इंतजाम
इस केंद्र में सिर्फ रहने की सुविधा ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों के खाली समय को बेहतर बनाने के लिए लाइब्रेरी, बागवानी की जगह और इंडोर गेम्स की व्यवस्था भी की गई है। मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां भी यहां आयोजित की जाएंगी।
सम्मानजनक जीवन देने की कोशिश
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस वृद्धाश्रम का उद्देश्य बेसहारा और कमजोर वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक माहौल देना है। सरकार का जोर बुजुर्गों को सिर्फ आश्रय देने के बजाय उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
