चंडीगढ़, 11 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को राज्यभर में 1,000 और ‘पेंडु खेड़ मैदान’ (ग्रामीण खेल मैदान) जनता को समर्पित किए। इसके साथ ही पंजाब में कुल 3,100 प्रस्तावित खेल मैदानों में से अब तक 1,764 का उद्घाटन हो चुका है। मुख्यमंत्री ने फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेलों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का हब बनाना है, ताकि गांवों की प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इस पहल के लिए सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। पहले चरण में 4 मई को 255 और दूसरे चरण में 24 अगस्त को 509 खेल मैदान जनता को समर्पित किए गए थे। अब तीसरे चरण में 1,000 और मैदानों का उद्घाटन किया गया है। इनमें फतेहगढ़ साहिब जिले के 93 खेल मैदान शामिल हैं।
खेल मैदानों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन खेल मैदानों में छह फुट ऊंची चेन-लिंक फेंसिंग, छह फुट चौड़े फुट-लाइट वाले वॉकिंग ट्रैक, पौधारोपण, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय तथा खेल उपकरण रखने के लिए स्टोर रूम बनाए जा रहे हैं। मैदानों की देखभाल के लिए सबमर्सिबल पंप और हाइड्रेंट की व्यवस्था भी की जा रही है।
इसके अलावा बच्चों के लिए झूले, सीढ़ियां और स्लाइड वाले विशेष प्ले एरिया विकसित किए जा रहे हैं। रात के समय खेल गतिविधियां जारी रखने के लिए हाई-मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। चुनिंदा मैदानों में छह लेन वाले 400 मीटर के रनिंग ट्रैक भी बनाए जाएंगे।
हर गांव को मिलेगी खेल किट और मुफ्त कोचिंग
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार प्रत्येक गांव में फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसी लोकप्रिय खेलों के लिए जरूरी सामान उपलब्ध करवा रही है। गांवों को फुटबॉल और हॉकी के गोलपोस्ट, वॉलीबॉल के खंभे और नेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल तथा क्रिकेट किट दी जाएंगी। इसके अलावा फुटबॉल खेलने के लिए 36 जोड़ी स्टड भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए खेल मैदानों में फुटबॉल और वॉलीबॉल के कोच तैनात किए जाएंगे, जो खिलाड़ियों को मुफ्त कोचिंग देंगे। मैदानों की देखरेख ग्राम पंचायतों की विशेष कमेटियां करेंगी। इनमें सरपंच, यूथ क्लब प्रधान, संबंधित जूनियर इंजीनियर, पंचायत सचिव और एक महिला सदस्य या खिलाड़ी शामिल होंगे।
खेल बजट और खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता
सरकार के अनुसार, पंजाब में खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसके अलावा 600 ग्रामीण जिम तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से 500 पूरे हो चुके हैं। नई खेल नीति के तहत 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जा चुकी है। ओलंपिक की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये और एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए आठ लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव में खेल संस्कृति विकसित करना, युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर देना है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
