पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपना बड़ा अभियान लगातार जारी रखा हुआ है। ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के 124वें दिन पंजाब पुलिस ने AGTF पंजाब के साथ मिलकर राज्यभर में चिन्हित ठिकानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
राज्यभर में 529 जगहों पर रेड
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक पूरे पंजाब में कुल 529 स्थानों पर छापे मारे गए। इन कार्रवाइयों के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और अपराध से जुड़े लोगों की जांच की गई। पुलिस ने कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई कर गैंगस्टरों के नेटवर्क पर दबाव बढ़ाया।
269 लोग गिरफ्तार, 11 भगोड़े भी पकड़े गए
इस अभियान के दौरान कुल 269 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 11 उद्घोषित अपराधियों यानी लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को भी पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार ये अपराधी अलग-अलग मामलों में वांछित थे और लंबे समय से कानून से बच रहे थे।
हथियार भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और अवैध नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि अभियान शुरू होने से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 31,699 तक पहुंच चुकी है।
पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को गैंगस्टरों या अपराध से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वह एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से सूचना दे सकता है।
