लंबे समय से वित्तीय संकट का सामना कर रहे चंडीगढ़ नगर निगम को आखिरकार केंद्र सरकार से राहत मिल गई है। गृह मंत्रालय ने निगम को 125 करोड़ रुपये की विशेष राशि जारी की है। इस ग्रांट से न केवल जरूरी नागरिक सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि रुके हुए विकास कार्य भी दोबारा शुरू हो सकेंगे।
विपक्ष ने उठाए थे सवाल
मंगलवार को हुई हाउस मीटिंग में विपक्षी पार्षदों ने मेयर हरप्रीत कौर बबला पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने केवल वित्तीय मदद का ऐलान कर मिठाई बांटी, लेकिन असल में पैसे मिले नहीं थे। अब गृह मंत्रालय से राशि जारी होने के बाद विपक्ष की शंकाओं का जवाब मिल गया है।
चुनावी वादे और भाजपा का भरोसा
चुनाव प्रचार के दौरान हरप्रीत कौर बबला ने विशेष पैकेज लाने का वादा किया था। वहीं, चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने भी नगर निगम को जल्द वित्तीय मदद दिलाने का आश्वासन दिया था। केंद्र सरकार का यह कदम इन बयानों को सही साबित करता दिख रहा है।
किन सेवाओं पर खर्च होगी राशि?
भाजपा नेताओं ने बताया कि यह धनराशि मुख्य रूप से सैनिटेशन, जल आपूर्ति, कचरा प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट्स जैसी बुनियादी सुविधाओं पर खर्च की जाएगी। इसके अलावा, वी-4, वी-5 और वी-6 सड़कों की री-कारपेटिंग और रखरखाव जैसे अधूरे प्रोजेक्ट भी इस फंड से पूरे किए जाएंगे।
मेयर ने जताई खुशी
मेयर हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि यह निर्णय चंडीगढ़ निवासियों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब नागरिकों को आवश्यक सुविधाओं की नियमित सप्लाई मिलेगी और शहर के विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेंगे।
