पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के पावन अवसर पर होने वाले समागमों में सभी नागरिकों को ससम्मान शामिल होने का आमंत्रण दिया है। यह विशेष कार्यक्रम 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह अवसर हमारे लिए अत्यंत श्रद्धा और गर्व का है, क्योंकि यह समागम ‘हिंद दी चादर’ कहलाने वाले श्री गुरु तेग बहादुर जी की महान बलिदान-गाथा को समर्पित हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे परिवार सहित इन ऐतिहासिक आयोजनों में पहुंचे और गुरु साहिब के संदेशों—मानवता, साहस, त्याग और धर्म की रक्षा—को आत्मसात करें।
कार्यक्रमों के दौरान धार्मिक कीर्तन, इतिहास से जुड़े विशेष सत्र, गुरमत विचार गोष्ठियां और सेवा गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन ने लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है। ऐसे पवित्र अवसर पर एकजुट होकर श्रद्धा प्रकट करना हम सभी का कर्तव्य है।
पंजाब सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को श्रद्धांजलि देते हुए एक बड़ी डिजिटल पहल शुरू की है। शिक्षा एवं सूचना और लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने “AnandpurSahib350.com” वेबसाइट और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया, जिसे खास तौर पर श्री आनंदपुर साहिब आने वाली संगत की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए यह प्लेटफॉर्म सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगा।
पूरी संगत के लिए एक डिजिटल समाधान
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म एक वन-स्टॉप डिजिटल सॉल्यूशन है, जहां संगत को रियल-टाइम जानकारी, व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी और आयोजन से जुड़ा हर अपडेट मिलेगा। इसका उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी भ्रम या परेशानी के केवल भक्ति और श्रद्धा पर ध्यान केंद्रित कर सकें, जबकि प्रशासन उनकी सभी व्यवस्थाओं का ख्याल रखे।
उन्होंने कहा कि रूपनगर जिला प्रशासन “सरबत का भला” की भावना से हर श्रद्धालु की सर्वोच्च स्तर की सेवा करने के लिए तैयार है। यह प्लेटफॉर्म इसी सोच को आगे बढ़ाता है और तकनीक की मदद से संगत को हर जरूरी सुविधा एक जगह उपलब्ध कराता है।
