पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के लिए चुने गए 866 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नए कर्मचारियों को बधाई दी और उन्हें अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी और पूरी मेहनत से निभाने की अपील की।
सरकारी नौकरियों का आंकड़ा 69,094 पहुंचा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार अब तक पारदर्शी तरीके से 69,094 सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में योग्यता और पारदर्शिता पर जोर दिया गया है। सरकार के अनुसार, लगातार हो रही भर्तियों से युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है और विदेश जाने की इच्छा में भी कमी आई है।
शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब का दावा
मुख्यमंत्री ने पंजाब की शिक्षा व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों के NEET परीक्षा पास करने को उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलाव का उदाहरण बताया।
युवाओं की क्षमता पर भरोसा
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। सरकार का काम केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उड़ान भरने की क्षमता युवाओं में है और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर और मंच उपलब्ध कराने की कोशिश कर रही है।
