पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज (10 जुलाई) अपने विधानसभा क्षेत्र धुरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांव ढढोगल में दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल 17.21 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दोनों सड़कें 18-18 फुट चौड़ी बनाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 25 दिनों बाद इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
भगत सिंह के नाम पर होगी सड़क
ढढोगल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शहीद सरदार भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने घोषणा की कि इन सड़कों में से एक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।
विपक्ष पर साधा निशाना
इस मौके पर भगवंत मान ने विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि देशभक्ति के सर्टिफिकेट बांटना बंद करें। हम जानते हैं कि हमें आज़ादी किस तरह मिली। उन्होंने अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया का नाम लेते हुए निशाना साधा और कहा, “अब आपको ब्रेड-पिज्जा नहीं मिलेगा, बल्कि जेल की रोटी खानी पड़ेगी।”
गुरु तेग बहादुर जी के शहादत दिवस पर विशेष कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहादत दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 55 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। गुरु जी जहां-जहां गए थे, वहां बड़े स्तर पर आयोजन होंगे। पंजाब में 108 गांव और 25-30 कस्बों की पहचान की गई है, जहां ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इतिहास को दिखाने के लिए लाइट एंड साउंड शो
भगवंत मान ने कहा कि गुरु जी का इतिहास लोगों तक पहुंचाने के लिए लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से उनकी वीरता और बलिदान की कहानियां नई पीढ़ी को दिखाई जाएंगी।
गांवों में सुविधाओं का विकास
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार गांव-गांव जाकर लोगों से पूछेगी कि उन्हें किन सुविधाओं की आवश्यकता है। गांवों की जरूरत के अनुसार वहां सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य न केवल सड़क और बुनियादी ढांचे का विकास करना है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को भी संरक्षित रखना है।
