वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेल की अब तक की सबसे आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन मानी जाती है। यात्रियों को इसमें बेहतरीन यात्रा अनुभव और आरामदायक माहौल मिलता है। यह ट्रेन सेमी-हाई स्पीड कैटेगरी में आती है, जो तेज रफ्तार के साथ यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाती है।
144 पहुंची वंदे भारत ट्रेनों की संख्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु से तीन और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही 7 अगस्त तक देश में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 144 हो गई है। करोड़ों यात्री सालभर इन ट्रेनों में सफर कर रहे हैं और इसका नेटवर्क लगातार बढ़ाया जा रहा है।
यात्रियों के लिए शानदार सुविधाएं
रेल मंत्री ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि वंदे भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे द्वारा विकसित की गई सेमी-हाई स्पीड ट्रेनें हैं, जिनमें यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। इन ट्रेनों में कवच रेल टक्कर सुरक्षा प्रणाली, पूरी तरह सीलबंद गैंवे, ऑटोमैटिक प्लग दरवाजे, आरामदायक सीटें, मिनी पेंट्री, बोतल कूलर, डीप फ्रीजर और गर्म पानी के बॉयलर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
यात्रियों को झुककर बैठने वाली आरामदायक सीटें, एक्जीक्यूटिव क्लास में कर्व्ड सीटें, हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष टॉयलेट और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं भी मिलती हैं।
हिमाचल में रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 63 किलोमीटर लंबे भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी नए रेल लाइन प्रोजेक्ट को राज्य सरकार के साथ लागत साझेदारी के आधार पर मंजूरी दी गई है। इसके लिए कुल 123.16 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है, जिसमें से 80.31 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों की शिकायतों का समाधान
वैष्णव ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस प्रोजेक्ट में सुरंग निर्माण के दौरान घरों में आई दरारों से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने के लिए कदम उठाए हैं। स्थानीय लोगों की मांग पर जून 2025 में एक नई कमेटी का गठन किया गया है, ताकि इन समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
देश में तेजी से बढ़ रहा है नेटवर्क
वंदे भारत ट्रेनों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी से यह साफ है कि भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह ट्रेनें देश के और भी ज्यादा हिस्सों को जोड़ेंगी और यात्रा के अनुभव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
